नई दिल्ली। देश की राजधानी में जनवरी माह से स्कूल खुल जाएंगे। केजरीवाल सरकार ने फिलहाल कक्षा 10 और 12 के स्टूडेंट्स के लिए स्कूल खोलने की परमिशन दी है। बुधवार को जारी सर्कुलर के अनुसार, सरकारी और प्राइवेट स्कूल केवल कक्षा 10 और 12 के छात्रों को 18 जनवरी से बुला सकते हैं। हालांकि इसके लिए पेरेंट्स की परमिशन जरूरी होगी। एक स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर भी जारी किया गया है जिसका पालन सभी स्कूलों को करना होगा। कौन से बच्चे स्कूल आ रहे हैं, इसका रिकॉर्ड रखना होगा मगर इसे अटेंडेंस के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।
क्या है एस ओ पी के अनुसार गाइडलाइंस
एसओपी के अनुसार, स्कूल कैंपस में कोरोना के लक्षण वाले किसी बच्चे/स्टाफ को आने की इजाजत नहीं होगी। एंट्री गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग अनिवार्य है। स्कूल के एंट्रेस, क्लासरूम, लैब्स और पब्लिक यूटिलिटी वाली जगहों पर सैनिटाइजेशन का इंतजाम अनिवार्य है। केवल कंटेनमेंट जोन से बाहर के स्कूल ही खुलेंगे। इसके अलावा, कंटेनमेंट जोन में रहने वाला कोई भी शख्स स्कूल नहीं आ सकेगा। क्लासेज और लैब्स में इंतजाम कोविड की गाइडलाइन के मद्देनजर करना होगा।
दिल्ली सरकार के स्कूल खोलने को लेकर क्या हैं निर्देश
कक्षा 12 के लिए CBSE नोटिफिकेशन के अनुसार, प्रैक्टिकल्स/प्रॉजेक्ट्स/इंटरनल असेंसमेंट्स आदि 1 मार्च 2021 से लिखित परीक्षा के आखिरी दिन तक होंगे। ऐसे में स्कूलों को सलाह दी गई है कि बोर्ड परीक्षाओं से पहले ही ये असेंसमेंट करा लें।
प्री-बोर्ड एग्जाम 20 मार्च से 15 अप्रैल के बीच कराए जा सकते हैं।
इंटरनल ग्रेड्स का असेसमेंट भी बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत से पहले किया जाएगा।
"दिल्ली में CBSE बोर्ड परीक्षाओं व प्रैक्टिकल के मद्देनजर 10वीं और 12 वीं क्लास के लिए 18 जनवरी से प्रैक्टिकल, प्रॉजेक्ट, काउंसिलिंग आदि के लिए स्कूल खोलने की अनुमति दी जा रही है। अभिभावकों की सहमति से ही बच्चों को बुलाया जा सकेगा। बच्चों को आने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा" - मनीष सिसोदिया, उपमुख्यमंत्री
दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने पहले ही कहा था कि राजधानी में तब तक स्कूलों को नहीं खोला जाएगा, जब तक वैक्सीन नहीं आ जाती। केंद्र सरकार ने 3 जनवरी, 2021 को कोरोना वायरस की दो वैक्सीन को इमर्जेंसी इस्तेमाल की मंजूरी दी थी। इसी के बाद, 6 जून को सिसोदिया ने कहा था कि सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि राष्ट्रीय राजधानी में फिर से स्कूलों को जल्दी कैसे खोला जाए। चूंकि बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान भी हो चुका है, ऐसे में कक्षा 10 और 12 के स्कूल खुलना लगभग तय माना जा रहा है।
(रिपोर्ट - नीलाक्ष वत्स)
Comments
Post a Comment